नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाष) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में झगड़े के दौरान बुधवार देर रात एक युवक की कथित तौर पर चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कल्याणपुरी निवासी जय सिंह उर्फ गंजू (22) के रूप में हुई है।
पीड़ित के परिजनों का दावा है कि उसने कुछ लोगों में हो रहे झगड़े में बीच-बचाव कराने की कोशिश की जिसके बाद उसकी हत्या की गई।
पुलिस ने बताया कि कल्याणपुरी के 11 ब्लॉक और 15 ब्लॉक के बीच सड़क पर बुधवार देर रात 12:46 बजे झगड़े के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विवाद के दौरान पीड़ित पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया जिसके बाद उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
इस संबंध में कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है और अपराध में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
इस वारदात से कुछ दिन पहले 16 अगस्त को कल्याणपुरी में ही 27 वर्षीय एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
मौके पर पहुंचे एक स्थानीय नेता ने कहा कि पिछले चार दिनों में इलाके में यह दूसरी हत्या है।
उन्होंने कहा, ‘मैं पीड़ित के परिवार के सदस्यों से मिला और पता चला कि उसकी पिछले साल शादी हुई थी और वह 10 दिन के बच्चे का पिता था। आज सुबह उसकी हत्या कर दी गई। मुझे यह भी पता चला कि लड़ाई कुछ अन्य लोगों के बीच थी, उसने लड़ाई को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया और उसे चाकू मार दिया गया।’
उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस ने हत्या के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन पूर्वी दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर चिंता का विषय है।
नेता ने कहा, ‘हम न्याय चाहते हैं, परिवार न्याय चाहता है। हम उत्तर प्रदेश की तरह सख्त कार्रवाई चाहते हैं – या तो आरोपियों के साथ मुठभेड़ हो या उनके घरों को ध्वस्त किया जाए।’
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश