युवा कांग्रेस ने शुरू किया ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान, रिक्त सरकारी पदों को भरने की मांग

Ads

युवा कांग्रेस ने शुरू किया ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान, रिक्त सरकारी पदों को भरने की मांग

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 04:14 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 04:14 PM IST

नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को बेरोजगारी का विषय उठाते हुए ‘मेरी डिग्री का क्या’ अभियान की शुरुआत की और देशभर में खाली पड़े स्वीकृत सरकारी पदों को भरने की मांग की।

युवा कांग्रेस के नेताओं ने इस अभियान के लिए एक वेबसाइट की भी शुरुआत की।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने दावा किया कि देशभर में सरकारी क्षेत्र में 50 लाख से अधिक स्वीकृत पद खाली हैं और इन पदों को भरे जाने से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ स्कूलों और अस्पतालों जैसी सार्वजनिक सेवाओं में भी सुधार हो सकता है।

लाकड़ा ने कहा, ‘‘बेरोजगारी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण युवा निराश हैं। सामान्य परिवार अपने बच्चों की शिक्षा पर वर्षों तक खर्च करता है और उम्मीद करता है कि उनकी डिग्री उन्हें रोजगार और आर्थिक सुरक्षा का अवसर देगी।’’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर अभियान शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की रोजगार संबंधी नीतियों पर सवाल उठाए।

लाकड़ा ने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में युवा योग्य होने के बावजूद सरकारी पद खाली पड़े हैं और सरकार को इस बारे में जवाब देना चाहिए।’’

युवा कांग्रेस ने सरकार के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रत्येक रिक्त पद के लिए समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करना तथा भर्ती परीक्षा से नियुक्ति तक पूरी प्रक्रिया के लिए समयसीमा निर्धारित करना शामिल है।

लाकड़ा ने कहा कि संगठन अगले एक वर्ष तक देशभर में अभियान चलाएगा। इसके तहत ‘नौकरी मार्च’ और ‘डिग्री मार्च’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाषा हक हक पवनेश

पवनेश