नीट के ’प्रश्नपत्र लीक’ के विरोध में रांची में लोकभवन के बाहर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

नीट के ’प्रश्नपत्र लीक’ के विरोध में रांची में लोकभवन के बाहर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

नीट के ’प्रश्नपत्र लीक’ के विरोध में रांची में लोकभवन के बाहर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
Modified Date: June 2, 2026 / 05:12 pm IST
Published Date: June 2, 2026 5:12 pm IST

रांची, दो जून (भाषा) रांची में मंगलवार को लोक भवन के बाहर युवा कांग्रेस के सदस्यों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्न पत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

युवा कांग्रेस के सदस्य यहां लोक भवन के पास जमा हो गये और उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में परीक्षा में अनियमितताएं बेतहाशा बढ़ गयी हैं तथा नीट के ‘प्रश्नपत्र लीक’ के बाद सीबीएसई द्वारा आयोजित परीक्षा में भी कुप्रबंधन नजर आया।

झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में देश में प्रश्नपत्र लीक की 89 घटनाएं हुई हैं और 48 बार परीक्षाएं दोबारा आयोजित की गईं। यह बेहद शर्मनाक है।’’

उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक से विद्यार्थी प्रभावित हुए और उनमें से कई ने आत्महत्या कर ली, जिससे उनके परिवारों को गहरा दुख पहुंचा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उन परिवारों के लिए न्याय की मांग करते हैं जिन्होंने अपने बेटे या बेटियों को खो दिया। लेकिन भाजपा सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। युवा कांग्रेस केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती है।’’

गौरव ने कहा कि यदि उनके संगठन की मांग पर विचार नहीं किया जाता है तो उनका संगठन आंदोलन तेज करेगा तथा झारखंड में भाजपा सांसदों एवं विधायकों के आवासों के बाहर प्रदर्शन करेगा।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में