बीआरएस के बहकावे में न आएं युवा: रेवंत रेड्डी
बीआरएस के बहकावे में न आएं युवा: रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, 19 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भर्ती प्रक्रिया में कथित लापरवाही और प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से अपील की कि वे क्षेत्रीय पार्टी के बहकावे में न आएं।
हैदराबाद के निकट शनिवार को घटकेसर में दिवंगत कवि अंदे श्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए जल्द ही अधिसूचनाएं जारी करेगी।
मुख्यमंत्री ने बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव की इस टिप्पणी का जिक्र किया कि रेवंत रेड्डी बीआरएस सरकार के दौरान सृजित नौकरियों का ‘‘श्रेय लेने’’ की कोशिश कर रहे हैं।
रेड्डी ने इस टिप्पणी को ‘‘शर्मनाक’’ करार दिया और सवाल किया कि क्या बीआरएस सरकार ने शिक्षकों, पुलिसकर्मियों और अन्य सरकारी कर्मचारियों की नियुक्तियां पूरी की थीं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीआरएस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने लोकसभा चुनाव में हार के बाद अपनी बेटी के. कविता को विधान परिषद (एमएलसी) का सदस्य बनाया और आम जनता की अनदेखी करते हुए अपने परिवार के सदस्यों तथा रिश्तेदारों को विभिन्न पदों पर नियुक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज भेड़ की खाल में छिपा भेड़िया भर्तियों पर टिप्पणी कर रहा है। भेड़ियों के इस झुंड ने बीआरएस शासन के दौरान युवाओं को नौकरियां न देकर उनके साथ धोखा किया। क्या बीआरएस नेताओं ने कभी तेलंगाना के युवाओं के रोजगार के बारे में गंभीरता से सोचा?’’
रेवंत रेड्डी ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार ने सभी बाधाओं को दूर करते हुए अब तक 70,000 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की हैं।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


