मध्यप्रदेश के बैतूल में पोल्ट्री फार्म में लगी आग, 6,000 मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत

मध्यप्रदेश के बैतूल में पोल्ट्री फार्म में लगी आग, 6,000 मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत

मध्यप्रदेश के बैतूल में पोल्ट्री फार्म में लगी आग, 6,000 मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत
Modified Date: April 14, 2026 / 08:54 pm IST
Published Date: April 14, 2026 8:54 pm IST

बैतूल (मध्यप्रदेश), 14 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार को एक खेत में लगी आग उसके पास मौजूद पोल्ट्री फार्म तक जा पहुंची, जिसमें करीब छह हजार मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर मुलताई थानाक्षेत्र के इटावा ग्राम के पास एक खेत में मंगलवार को हुई।

मासोद पुलिस चौकी के प्रभारी अमित पंवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पोल्ट्री फार्म में आग लगने से मुर्गे-मुर्गियों की मौत की सूचना मिलने पर चौकी में मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।

पोल्ट्री फार्म के संचालक शाहिद शाह ने बताया कि इस घटना में करीब छह हजार मुर्गे-मुर्गियां जल गए और उन्हें करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आने से मुर्गी पालन में इस्तेमाल होने वाले सामान और दाने भी जलकर खाक हो गए।

खेती करने के साथ ही पोल्ट्री फार्म का संचालन करने वाले शाह ने बताया कि वह दोपहर के वक्त घर पर थे तभी खेत में आग लगने की सूचना मिली।

उन्होंने कहा कि तेज हवा के कारण खेत में लगी आग पोल्ट्री फार्म तक पहुंचने लगी।

शाह ने बताया कि उन्होंने और उनके बड़े भाई शकील शाह ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह इतनी तेजी से फैली कि फॉर्म के अंदर तक पहुंच गई।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में