मप्र में आंबेडकर जयंती पर आजीवन कारावास की सजा काट रहे 87 कैदियों की होगी समय पूर्व रिहाई
मप्र में आंबेडकर जयंती पर आजीवन कारावास की सजा काट रहे 87 कैदियों की होगी समय पूर्व रिहाई
भोपाल, सात अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार को इस वर्ष आंबेडकर जयंती के अवसर पर राज्य की विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 87 बंदियों को उनके अच्छे आचरण के कारण समय-पूर्व रिहाई की घोषणा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
जेल विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है इसके अलावा गैर-आजीवन कारावास की सजा काट रहे सात बंदियों को सजा में छूट विशेष या परिहार प्रदान किया जाएगा।
इस साल 26 जनवरी को 94 दंडित कैदियों को समय पूर्व रिहा किया गया था या सजा में छूट प्रदान की गई थी।
मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश की जेलों में निरुद्ध अच्छे आचरण वाले बंदियों को वर्ष में पांच अवसरों पर समय पूर्व रिहाई करती है, या सजा में छूट देती है। इनमें 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 14 अप्रैल (डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), दो अक्टूबर (गांधी जयंती) एवं 15 नवम्बर (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) शामिल हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘दंडित कैदियों को समय पूर्व रिहाई या सजा में छूट प्रदान किए जाने से बंदियों के द्वारा जेल में अच्छा आचरण किया जाता है, जिससे जेलों में प्रशासनिक व्यवस्था अच्छी रहती है और बंदियों को जेल से छूटने के बाद पुनर्वास में आसानी होती है। साथ ही इससे जेलों में क्षमता से अधिक भीड़ में भी कमी आती है।’’
भाषा ब्रजेन्द्र रंजन
रंजन

Facebook


