10वीं और 12वीं कक्षाओं के नतीजे स्वर्णिम मध्यप्रदेश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं: मोहन यादव

10वीं और 12वीं कक्षाओं के नतीजे स्वर्णिम मध्यप्रदेश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं: मोहन यादव

10वीं और 12वीं कक्षाओं के नतीजे स्वर्णिम मध्यप्रदेश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं: मोहन यादव
Modified Date: April 15, 2026 / 05:34 pm IST
Published Date: April 15, 2026 5:34 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

भोपाल, 15 अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम के बारे में कहा कि नतीजे स्वर्णिम मध्यप्रदेश की नई तस्वीर पेश कर रहा है।

उन्होंने बताया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 73.42 प्रतिशत एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम इस बार बीते 16 वर्षों में सर्वश्रेष्ठ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने शासकीय विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर किया है, जिससे हमारे सरकारी स्कूल 10वीं और 12वीं कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा में निजी स्कूलों के परिणामों से आगे रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 76.80 प्रतिशत और निजी स्कूलों का 68.84 प्रतिशत रहा है। दोनों में आठ प्रतिशत का अंतर है। यह सांदीपनि विद्यालयों के अनुकूल वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है।’’

यादव ने कहा कि जनजातीय जिले अनूपपुर के 93.85 प्रतिशत विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में सफलता मिली है और यह जिला सबसे आगे रहा है जबकि अलीराजपुर जिला 92.14 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा है।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में पन्ना जिले के सरस्वती ज्ञान मंदिर हाई स्कूल, गुनौर की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी ने प्रथम स्थान हासिल किया है और उसे 500 में से 499 अंक मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रतिभा के रूप में पन्ना जिले से एक और हीरा निकला है।’’

बारहवीं कक्षा की परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च के बीच हुई, जिसमें छह लाख 89 हजार 746 विद्यार्थी शामिल हुए और इस वर्ष इसका परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा है, जो बीते 16 साल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

यादव ने कहा कि इस वर्ष 72.39 प्रतिशत छात्र और 79.41 छात्राओं को सफलता मिली है और यहां भी बेटियों ने ही फिर बाजी मारी है।

उन्होंने कहा कि सर्वाधिक सफलता वाले जिलों में झाबुआ 93.23 प्रतिशत परिणाम के साथ पहले स्थान पर है और अनूपपुर जिला 93.04 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12वीं की बोर्ड परीक्षा में भोपाल स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की वाणिज्य संकाय की छात्रा खुशी राय एवं अशासकीय गुरुदेव शिक्षा केंद्र उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुमारी चांदनी विश्वकर्मा ने 500 से 494 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया है।

यादव ने बोर्ड कक्षाओं में उत्तीर्ण सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत जरूरी है और विद्यार्थियों ने यह कर दिखाया।

उन्होंने कहा, ‘‘जो विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं हो पाये, वे निराश न हों। यह सिर्फ़ एक स्कूल की परीक्षा है, जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं। आगे और अधिक मेहनत और लगन से तैयारी करेंगे, तो निश्चित ही सफलता मिलेगी।’’

भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में