इंदौर में सहपाठी ने एमबीए छात्रा की हत्या के बाद शव से की बदसलूकी, तंत्र-मंत्र भी किया : पुलिस
इंदौर में सहपाठी ने एमबीए छात्रा की हत्या के बाद शव से की बदसलूकी, तंत्र-मंत्र भी किया : पुलिस
इंदौर (मप्र), 16 फरवरी (भाषा) इंदौर में 24 वर्षीय एमबीए छात्रा की हत्या के मामले में गिरफ्तार उसके सहपाठी ने इस वारदात के बाद युवती के शव के साथ न केवल कथित तौर पर बदसलूकी की थी, बल्कि तंत्र-मंत्र की क्रियाओं को भी अंजाम दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में 13 फरवरी को लोगों ने एक बंद घर से बदबू आने की शिकायत की थी और पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद 24 वर्षीय युवती का निर्वस्त्र शव मिला था।
उन्होंने बताया कि युवती शहर के एक महाविद्यालय से मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की पढ़ाई कर रही थी और उसका शव उसके सहपाठी के किराये के घर में मिला था।
लालचंदानी ने बताया कि युवती का सहपाठी वारदात के बाद फरार हो गया था और उसे मुंबई से हिरासत में लिए जाने के बाद औपचारिक तौर पर गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने आरोपी से पूछताछ के हवाले से बताया कि उसने गला घोंटकर सहपाठी युवती की हत्या के बाद उसके शव के साथ बदसलूकी थी। डीसीपी ने बताया, ‘‘आरोपी ने फरार रहने के दौरान महाराष्ट्र के पनवेल के पास तंत्र-मंत्र भी किया था। आरोपी का दावा है कि हत्या के बाद वह मानसिक तौर पर बेहद परेशान हो गया था और तंत्र-मंत्र के जरिये युवती की आत्मा से बात करना चाहता था।’’
डीसीपी के मुताबिक, युवती और आरोपी के बीच नजदीकी संबंध थे। उन्होंने बताया, ‘‘आरोपी को संदेह था कि वह दूसरे युवकों से भी बात कर रही है। इस कारण उसने गुस्से में आकर युवती की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था।’’
युवती का शव मिलने के बाद उसके पिता ने सहपाठी पर उसकी बेटी से आपत्तिजनक तस्वीरों के बूते धन ऐंठने की कोशिश करने और उसे यातनाएं देकर जान से मारने के आरोप लगाए थे।
युवती के पिता ने यह आरोप भी लगाया था कि आरोपी आपत्तिजनक तस्वीरों के आधार पर युवती को धमकाकर उससे धन ऐंठने की कोशिश कर रहा था और उसने ये तस्वीरें उसकी बेटी के महाविद्यालय के व्हाट्सएप समूह पर भी साझा की थीं।
भाषा हर्ष गोला
गोला

Facebook


