कृषि पर ब्रिक्स बैठक की प्राथमिकताओं में खाद्यान्न सुरक्षा और छोटे किसानों के हित : चौहान
कृषि पर ब्रिक्स बैठक की प्राथमिकताओं में खाद्यान्न सुरक्षा और छोटे किसानों के हित : चौहान
इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 जून (भाषा) कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत की अध्यक्षता में इंदौर में जारी ब्रिक्स बैठक की प्राथमिकता के विषयों में खाद्यान्न सुरक्षा और छोटे किसानों के हित शुमार हैं।
चौहान, ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की शुक्रवार से शुरू होने वाली दो दिवसीय बैठक के लिए इंदौर पहुंचे। वह इस अंतर-सरकारी संगठन के प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
चौहान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ब्रिक्स बैठक में हमारी चर्चा का केंद्र या प्राथमिकता छोटे किसान हैं। हम इस
विचार-विमर्श को आगे बढ़ाएंगे कि छोटे किसानों की खेती कैसे उत्तम बने और उनकी आय कैसे बढ़े जिससे उनका जीवनस्तर बेहतर हो सके।’’
उन्होंने रेखांकित किया कि दुनिया के 70 प्रतिशत से ज्यादा छोटे किसान ब्रिक्स देशों में रहते हैं।
भारत के कृषि मंत्री ने कहा कि ब्रिक्स देशों में फसलों का उत्पादन बढ़ाते हुए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का विषय भी बैठक की प्राथमिकताओं में शुमार है।
चौहान ने कहा कि बीजों पर किसानों के अधिकार के मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्राथमिकता यह भी है कि लोगों को केवल अनाज नहीं, बल्कि पौष्टिक आहार भी मिले।’’
चौहान ने कहा कि खेती में महिलाओं की बड़ी भागीदारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने ब्रिक्स बैठक में चर्चा के लिए यह विषय भी तय किया है कि खेती में महिलाओं की भागीदारी किस तरह बढ़ाई जाए और नयी प्रौद्योगिकी तथा नवाचारों के जरिये युवाओं को कृषि की तरफ कैसे आकर्षित किया जाए।’’
चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, डिजिटल खेती और कृषि में प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाने के विषय भी बैठक की चर्चा के केंद्र में हैं।
मंत्रिस्तरीय बैठक से ठीक पहले, इंदौर में ब्रिक्स के कृषि कार्य समूह के तहत अधिकारियों की तीन दिवसीय बैठक बृहस्पतिवार को संपन्न हुई।
कृषि मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे बताते हुए खुशी है कि ब्रिक्स बैठक में अब तक की चर्चा बहुत सार्थक रही है।’’
उन्होंने कहा कि बैठक में बनी सहमति के आधार पर 13 जून को ब्रिक्स का ‘इंदौर घोषणापत्र’ जारी किया जाएगा।
ब्रिक्स के सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं।
भाषा हर्ष खारी
खारी

Facebook


