भोपाल, 20 अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने गुजरात में जहरीली शराब पीने से हुई सात लोगों की मौत के मामले के तार मध्यप्रदेश से जुड़े होने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि शराब उज्जैन से तस्करी के जरिए पहुंचाई गई थी।
कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि यह घटना मुख्यमंत्री मोहन यादव के उस दावे की पोल खोलती है, जिसमें उन्होंने अपने गृह नगर उज्जैन में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध होने की बात कही थी।
पटवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना मुख्यमंत्री यादव के झूठ को उजागर करती है। मध्यप्रदेश के मुरैना का एक व्यक्ति भी गुजरात की इस घटना में मारा गया है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नए भारत की तस्वीर है।”
उन्होंने कहा कि गुजरात में शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध है, जबकि यादव ने अपने गृह नगर उज्जैन में शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की थी।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जहरीली शराब उज्जैन से भावनगर पहुंची।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में कथित तौर पर खुलेआम उपलब्ध शराब के खिलाफ अभियान चलाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में मोबाइल फोन से घरों पर शराब की आपूर्ति की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, गुजरात के भावनगर में पिछले कुछ दिनों में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हुई है, जबकि 30 अन्य अस्पताल में भर्ती हैं।
भावनगर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आर.वी. असारी ने बताया कि मामले में 12 संदिग्ध शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है और 21 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गुजरात पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये बोतलें मध्यप्रदेश से भेजी गई थीं। पुलिस शराब के स्रोत और इसकी तस्करी में शामिल लोगों का पता लगा रही है।
भाषा दिमो खारी
खारी