मप्र के श्योपुर में नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जंगल में फंदा लगाकर जान दी, पुलिस जांच में जुटी

मप्र के श्योपुर में नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जंगल में फंदा लगाकर जान दी, पुलिस जांच में जुटी

मप्र के श्योपुर में नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जंगल में फंदा लगाकर जान दी, पुलिस जांच में जुटी
Modified Date: April 16, 2026 / 10:09 pm IST
Published Date: April 16, 2026 10:09 pm IST

श्योपुर (मध्यप्रदेश), 16 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में बृहस्पतिवार को एक नाबालिग प्रेमी जोड़े ने जंगल में कथित तौर पर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मामला जिले के बरगवां थाना क्षेत्र का है और दोनों के घर छोड़ने बाद उनके परिजनों ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बरगवां थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने कहा, ‘‘बरगवां थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की व कराहल थाना क्षेत्र के एक नाबालिग लड़के के बीच पिछले एक-डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दोनों एक समाज के थे और गौत्र भी एक ही था, जिसके चलते उनके परिजन उनका विवाह कराने को राजी नहीं थे।’’

तोमर ने कहा कि नाबालिग प्रेमी जोड़ा बुधवार सुबह लगभग 10 बजे घर छोड़कर चला गया और जब दोनों के परिजनों को उनके घर छोड़ने की जानकारी मिली तो उन्होंने इसकी सूचना बरगवां थाने आकर दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों को तलाशने के लिए तकनीकी टीम की मदद ली गई और लड़के के मोबाइल नंबर की लोकेशन हासिल कर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि जंगल में एक पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले।

भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी

खारी


लेखक के बारे में