इंदौर में जल संकट के बीच महापौर सचिवालय की धुलाई का वीडियो सामने आया, कांग्रेस ने उठाए सवाल

इंदौर में जल संकट के बीच महापौर सचिवालय की धुलाई का वीडियो सामने आया, कांग्रेस ने उठाए सवाल

इंदौर में जल संकट के बीच महापौर सचिवालय की धुलाई का वीडियो सामने आया, कांग्रेस ने उठाए सवाल
Modified Date: May 27, 2026 / 09:29 pm IST
Published Date: May 27, 2026 9:29 pm IST

इंदौर, 27 मई (भाषा) इंदौर में जारी जल संकट के बीच कांग्रेस ने बुधवार को महापौर सचिवालय की धुलाई का वीडियो साझा किया और नगर निगम प्रशासन पर पानी की बर्बादी का आरोप लगाया।

उधर, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर बेहद ओछी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि इस धुलाई में उपचारित पानी (शोधन संयंत्र में साफ किया गया गैर-पीने योग्य जल) का इस्तेमाल किया गया था।

प्रदेश कांग्रेस समिति ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘‘ जहां इंदौर की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, महापौर अपना सचिवालय पानी से धुलवा रहे हैं।’’

करीब 40 सेकंड के इस वीडियो में नगर निगम का एक कर्मचारी सरकारी टैंकर के पाइप से महापौर सचिवालय का बाहरी हिस्सा धोता दिखाई दे रहा है। वीडियो बनाने वाला एक व्यक्ति इस कर्मचारी से कहता सुनाई दे रहा है कि शहर में लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल रहा है और महापौर सचिवालय की धुलाई में पानी बर्बाद किया जा रहा है।

वीडियो में दोनों व्यक्तियों के बीच कहासुनी होती भी देखी जा सकती है। शहर में पिछले कुछ दिनों से जल संकट को लेकर अलग-अलग इलाकों से लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस बीच, यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है।

वीडियो के बारे में पूछे जाने पर महापौर भार्गव ने कहा कि कांग्रेस बेहद ओछी और निकृष्ट राजनीति पर उतर आई है।

भार्गव ने कहा,‘‘महापौर सचिवालय के बाहर डिसिल्टिंग मशीन से ड्रेनेज की सफाई की गई थी। इसके बाद सचिवालय के बाहर की गंदगी की सफाई के लिए उपचारित पानी का उपयोग किया गया था।’’

महापौर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता उनके घर-दफ्तर के बाहर खड़े रहते हैं और विवाद पैदा करने के लिए वीडियो बनाने की कोशिश करते हैं।

भाषा हर्ष शोभना

शोभना


लेखक के बारे में