इंदौर के निजी अस्पताल के आईसीयू में आग, सभी 10 मरीज सुरक्षित : प्रबंधन

इंदौर के निजी अस्पताल के आईसीयू में आग, सभी 10 मरीज सुरक्षित : प्रबंधन

Modified Date: January 16, 2022 / 07:38 pm IST
Published Date: January 16, 2022 7:38 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 16 जनवरी (भाषा) इंदौर के एक निजी अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रविवार शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल के एक अधिकारी के मुताबिक आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और अग्निकांड के वक्त आईसीयू में भर्ती सभी 10 मरीज सुरक्षित हैं।

शहर के विजय नगर क्षेत्र स्थित मेदांता अस्पताल के मेडिकल अधीक्षक संजय गीद ने संवाददाताओं को बताया,’हमारे अस्पताल की चौथी मंजिल के आईसीयू के एक बिस्तर के पास बिजली के बोर्ड में आग लगने से थोड़ा-सा धुआं निकला। अलार्म बजने के बाद हमने तुरंत आग पर काबू पा लिया।’’

उन्होंने बताया,‘‘अग्निकांड के वक्त आईसीयू में भर्ती 10 मरीजों को दूसरे आईसीयू में पहुंचा दिया गया। सभी 10 मरीज सुरक्षित हैं जिनमें से दो-तीन लोग जीवन रक्षक तंत्र (वेंटिलेटर) पर थे।’’

गीद के मुताबिक पहली नजर में लगता है कि अस्पताल के आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी।

इस बीच, इंदौर प्रशासन के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बी एस सैत्या ने बताया, ‘मेदांता अस्पताल के आईसीयू के अग्निकांड में किसी मरीज के हताहत होने की फिलहाल कोई खबर नहीं है। हम अस्पताल में मौका-मुआयना करके अग्निकांड की पड़ताल करेंगे।’

इस बीच, घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं जिनमें अस्पताल के कर्मचारी अग्निकांड के दौरान आईसीयू में भर्ती मरीजों को स्थानांतरित करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मरीजों के तीमारदार अपने बीमार परिजनों की खैरियत को लेकर परेशान नजर आ रहे हैं।

भाषा हर्ष

अमित

अमित


लेखक के बारे में