मप्र: फार्म हाउस में अमानवीय यातनाएं देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पति समेत पांच गिरफ्तार

मप्र: फार्म हाउस में अमानवीय यातनाएं देकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में पति समेत पांच गिरफ्तार

Modified Date: January 16, 2022 / 05:12 pm IST
Published Date: January 16, 2022 5:12 pm IST

इंदौर, 16 जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में 32 वर्षीय महिला को अमानवीय यातनाएं देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य के आरोपों में उसके पति समेत पांच लोगों को रविवार को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक उप निरीक्षक ने यह जानकारी दी।

उप निरीक्षक ने छत्तीसगढ़ से ताल्लुक रखने वाली महिला की दर्ज प्राथमिकी के हवाले से बताया कि इंदौर के एक व्यक्ति ने एक ‘मैट्रिमोनियल साइट’ पर जान-पहचान के बाद उससे ब्याह रचाया, जबकि वह पहले से शादीशुदा था।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक 32 वर्षीय महिला का आरोप है कि इंदौर जिले के क्षिप्रा थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में उसके पति और उसके साथियों ने नवंबर 2019 से अक्टूबर 2021 के बीच उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म तथा अप्राकृतिक कृत्य किया।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘महिला ने यह आरोप भी लगाया है कि सामूहिक दुष्कृत्य के दौरान उसके नाजुक अंगों को जलती सिगरेट से दागा जाता था और उसके साथ मारपीट करके उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी।’

उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला का कहना है कि जब वह आरोपियों के चंगुल से किसी तरह छूटकर छत्तीसगढ़ स्थित मायके पहुंची, तो इनमें से एक व्यक्ति उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से वहां भी पहुंच गया।

उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की दर्ज प्राथमिकी पर उसके पति और चार अन्य लोगों को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया गया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा हर्ष अमित

अमित


लेखक के बारे में