इंदौर में सरपंच से 40,000 रुपये की घूस लेता पटवारी रंगे हाथों पकड़ा गया

इंदौर में सरपंच से 40,000 रुपये की घूस लेता पटवारी रंगे हाथों पकड़ा गया

Modified Date: January 10, 2022 / 08:57 pm IST
Published Date: January 10, 2022 8:57 pm IST

इंदौर,10 जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में लोकायुक्त पुलिस ने एक पटवारी को बंटवारे की जमीन का नया नक्शा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के बदले सरपंच से 40,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सोमवार को रंगे हाथों पकड़ा है । लोकायुक्त पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

लोकायुक्त पुलिस के उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रवीण सिंह बघेल ने बताया कि पटवारी सुबोध सुमेले (28) को दर्जी कराड़िया के ग्राम पंचायत परिसर में रंगे हाथों पकड़ा गया, जब वह इस गांव के सरपंच कमल चौधरी (43) से कथित रिश्वत के रूप में 40,000 रुपये ले रहे थे।

उन्होंने बताया, ‘‘सरपंच को बंटवारे की अपनी जमीन का नया नक्शा राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज कराना था। इस काम के बदले पटवारी द्वारा रिश्वत की अनुचित मांग से तंग आने के बाद सरपंच ने ही लोकायुक्त पुलिस को उसकी घूसखोरी के बारे में शिकायत की थी। पटवारी द्वारा सरपंच से 5,000 हजार रुपये पहले ही ऐंठे जा चुके थे।’’

बघेल ने बताया कि रिश्वतखोरी के आरोप में पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी के मुताबिक आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि बॉन्ड भरवाकर आरोपी को इस बात के लिए कानूनन पाबंद किया गया है कि घूसखोरी के मामले की जांच के संबंध में उसे जब भी बुलाया जाएगा, वह लोकायुक्त पुलिस के सामने तय तारीख को हाजिर हो जाएगा।

भाषा हर्ष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में