कृषि क्षेत्र के विकास में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी : राजनाथ सिंह

कृषि क्षेत्र के विकास में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी : राजनाथ सिंह

कृषि क्षेत्र के विकास में धन की कमी बाधा नहीं बनेगी : राजनाथ सिंह
Modified Date: April 11, 2026 / 08:39 pm IST
Published Date: April 11, 2026 8:39 pm IST

रायसेन, 11 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि कृषि क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और किसानों के जीवन में व्यापक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रयासों की जरूरत है।

मध्यप्रदेश के रायसेन में आयोजित तीन दिवसीय उन्नत कृषि मेले को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादकता में सुधार के लिए पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और थोक मंडियों के ऑनलाइन नेटवर्क जैसी कई योजनाएं लागू की हैं।

राजनाथ ने कहा, “इन प्रयासों से किसानों के जीवन में बदलाव आया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अभी और काम करने की आवश्यकता है। धन की कमी इस दिशा में बाधा नहीं बनेगी।”

अपने राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि विभिन्न पदों पर रहने के बावजूद उनके अंदर का किसान आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि भले ही लोग रक्षा मंत्री को केवल देश की सुरक्षा से जोड़ते हैं, लेकिन वे किसानों की समस्याओं और जरूरतों को भलीभांति समझते हैं।

उन्होंने युवाओं से कृषि क्षेत्र में जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि ड्रोन, सेंसर और मोबाइल तकनीक के जरिए खेती को ‘स्मार्ट’ बनाया जा सकता है, जिससे उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि होगी।

राजनाथ ने कहा कि सरकार ने सेना में मोटे अनाजों (ज्वार, बाजरा, रागी) को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि छावनी क्षेत्रों के आसपास के किसानों से जैविक फल और सब्जियां खरीदने की योजना से किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा, “किसान केवल अन्न ही नहीं उगाता, बल्कि वह पूरी अर्थव्यवस्था को गति देता है-रोजगार, उद्योग और सेवाओं को भी बढ़ावा देता है।”

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्पादन लागत कम कर कृषि आय और उत्पादकता बढ़ाना है, ताकि भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सके।

चौहान ने बताया कि कृषि-जलवायु परिस्थितियों के आधार पर राज्यों के लिए कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित केंद्र और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

भाषा

सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत


लेखक के बारे में