द्रौपदी के चीरहरण की तरह विपक्ष ने लोकसभा में महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ किया : मुख्यमंत्री यादव

द्रौपदी के चीरहरण की तरह विपक्ष ने लोकसभा में महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ किया : मुख्यमंत्री यादव

द्रौपदी के चीरहरण की तरह विपक्ष ने लोकसभा में महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ किया : मुख्यमंत्री यादव
Modified Date: April 19, 2026 / 08:36 pm IST
Published Date: April 19, 2026 8:36 pm IST

भोपाल, 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि जिस तरह महाभारत में द्रौपदी का चीरहरण किया गया था, उसी प्रकार विपक्ष ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित होने से रोककर महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ किया है।

यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘यह सिर्फ एक साधारण विधेयक नहीं था बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें उनके अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास था।’

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद, विरोधी दलों के इस रवैये ने देश की महिलाओं की आकांक्षाओं और सपनों को आहत करने का काम किया है।

यादव ने कहा, ‘पांच हजार साल पहले हमने द्रौपदी के चीरहरण के बारे में सुना था लेकिन बहनों की इज्जत के साथ खेलने का घटनाक्रम संसद में हुआ। सारे दुशासन, सारे दुर्योधन और कौरव घटना में हिस्सा ले रहे थे। यह अत्यंत कष्टकारी और निंदनीय है।’

यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस व विपक्षी दलों ने एक विधेयक का नहीं महिलाओं को सशक्त बनाने और अधिकार देने का विरोध किया है।

उन्होंने कहा कि संसद में विरोधी दलों द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ के खिलाफ अपनाई गई रणनीति यह दर्शाती है कि वे हमारे लोकतांत्रिक ढांचे को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम का रवैया अत्यंत चिंताजनक रहा है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस पूरे घटनाक्रम को देखा है और समय आने पर जनता ही इसका उचित जवाब देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित के कार्य को कांग्रेस और विपक्षी दलों ने राजनीति के तराजू से तौला व महिला आरक्षण विधेयक को पारित नहीं होने देकर नारी शक्ति को उसका अधिकार नहीं मिलने दिया।

यादव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वह ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कि बात करती हैं लेकिन उन्होंने भी महिला आरक्षण का पुरजोर विरोध कर देश की नारी शक्ति को अपमानित करने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की महिला विरोधी मानसिकता के खिलाफ भाजपा सोमवार को भोपाल में आक्रोश सभा करेगी प्रदेशभर में जन-जन को बताएगी कि किसने महिलाओं को अधिकार नहीं मिलने दिया।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में इसको लेकर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा।

यादव के साथ संवाददाता सम्मेलन में मौजूद भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली कांग्रेस पार्टी व विपक्षी दलों को देश की आधी आबादी कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों ने सितंबर 2023 में ‘नारी शक्ति वंदन‘ अधिनियम का इसलिए समर्थन किया था कि वर्ष 2024 में लोकसभा के चुनाव होने थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की नारी शक्ति को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए प्रस्ताव लेकर आए तो कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला विरोधी होने का अपना असली रूप दिखा दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक व अन्य विपक्षी दलों ने जिस प्रकार से लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन‘ अधिनियम का विरोध किया है, उससे स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष पहले ही मन बना चुका था कि महिलाओं को अधिकार न मिलने पाए, इसलिए संसद में विरोध किया।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत


लेखक के बारे में