मप्र: भाजपा ने आईपीएस अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पार्टी विधायक से मांगा स्पष्टीकरण
मप्र: भाजपा ने आईपीएस अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पार्टी विधायक से मांगा स्पष्टीकरण
भोपाल, 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी को बुधवार को नोटिस भेजकर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लोधी को भेजे गए नोटिस में कहा कि पिछले दिनों उनका आचरण अत्यंत आपत्तिजनक रहा और वह पार्टी के अनुशासन के अनुरूप नहीं था।
खंडेलवाल ने लोधी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।
ज्ञात हो कि शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने एक वीडियो में कथित तौर पर करेरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) डॉ. आयुष जाखड़ के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस)संघ की मध्यप्रदेश इकाई ने कहा कि भाजपा विधायक की टिप्पणी अमर्यादित है और इसकी भाषा धमकीपूर्ण है। संघ ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
भाजपा विधायक के बेटे दिनेश लोधी ने पिछले दिनों करेरा थानाक्षेत्र में थार वाहन से टक्कर मारकर तीन मोटरसाइकिल सवार युवकों और दो पैदल चल रही महिलाओं को घायल कर दिया था।
पुलिस ने इस मामले में दिनेश लोधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी और और उसे करेरा थाने में बुलाकर पूछताछ की थी।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी जाखड़ की कार्रवाई से नाराज प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे एक वीडियो में कथित रूप से कहा था कि करेरा किसी के ‘डैडी की जागीर’ नहीं है।
वीडियो में प्रीतम लोधी ने कथित तौर पर पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था कि अधिकारी उनका पुराना इतिहास उठाकर देख लें।
इस बीच, प्रीतम लोधी का एक और वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कथित तौर पर जाखड़ को चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में विधायक लोधी कथित तौर पर पुलिस प्रशासन को यह चेतावनी देते हुए सुने जा रहे हैं कि यदि 15 दिन में उन्हें इस बात का स्पष्टीकरण पुलिस अधिकारी द्वारा नहीं दिया जाता कि दिल्ली से उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए किसके द्वारा निर्देशित किया जा रहा है तो वे सख्त कदम उठाने से नहीं हिचकेंगे।
वीडियो में लोधी कथित तौर पर यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि वह अपने 10,000 समर्थकों के साथ जाखड़ के बंगले का घेराव कर उसे ‘गोबर से भर’ देंगे।
भाषा सं ब्रजेन्द्र धीरज
धीरज

Facebook


