मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने राम मंदिर दर्शन को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोला

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने राम मंदिर दर्शन को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोला

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने राम मंदिर दर्शन को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोला
Modified Date: March 10, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: March 10, 2026 9:04 pm IST

इंदौर,10 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल के शीर्ष नेता अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बने मंदिर के दर्शन करने अब तक नहीं गए हैं।

यादव, इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत वाक कौशल विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

कार्यशाला को लेकर भाजपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में मुख्यमंत्री यादव के हवाले से कहा गया, ‘‘भाजपा का कार्यकर्ता न केवल प्रशिक्षित होता है बल्कि वह राष्ट्रवाद की प्रगति और महत्ता को भी समझता है, जबकि कांग्रेस के (शीर्ष) नेता आज तक राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस पर गुजरे बरसों के दौरान अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में अड़चनें पैदा करने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अब भगवान राम के दर्शन करने में शर्म आती है।

यादव ने कहा, ‘‘यह कांग्रेस का असल चरित्र है। भाजपा और कांग्रेस में यही सबसे बड़ा अंतर है।’’

उन्होंने कहा कि देश की आजादी से पहले से लेकर अब तक कथित अंतर्विरोधों से जूझ रही कांग्रेस की यह स्थिति उसके कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण की कमी का परिणाम है।

यादव ने कहा, ‘‘भाजपा के कार्यकर्ता अपने विचारों पर दृढ़ रहते हुए राष्ट्र के लिए काम करते हैं, जबकि कांग्रेस के नेता बिना स्पष्ट विचारधारा के अपनी पार्टी का नेतृत्व करते हैं।’

कार्यशाला को भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भी संबोधित किया। भाषा हर्ष जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में