मप्र : अनूपपुर में इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत, 7-10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

मप्र : अनूपपुर में इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत, 7-10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

मप्र : अनूपपुर में इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत, 7-10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
Modified Date: April 4, 2026 / 11:33 pm IST
Published Date: April 4, 2026 11:33 pm IST

अनूपपुर, चार अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा कस्बे में शनिवार शाम एक चार मंजिला इमारत ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ढही इमारत की पहचान बस स्टैंड के पास स्थित ‘अग्रवाल लॉज’ के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे हुई और इमारत गिरने के दौरान विस्फोट जैसी तेज आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में धूल का गुबार छा गया।

अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक मोती-उर-रहमान ने संवाददाताओं को बताया कि एक व्यक्ति मृत पाया गया है, जबकि 7-10 अन्य लोग अभी भी मलबे में फंसे हुए हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दुर्घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अधिकारियों को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और राहत एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय बस स्टैंड पर यात्री मौजूद थे, वहीं पास के एक भूखंड पर निर्माण कार्य भी चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, “इमारत करीब 10 वर्ष पुरानी थी। आसपास चल रहा निर्माण कार्य भी इस घटना का कारण हो सकता है।”

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने एसईसीएल की जमुना कोतमा इकाई और एक कोयला खनन कंपनी जेएमएस से विशेषज्ञ बचाव दलों को मौके पर बुलाया है।

उन्होंने बताया कि बचाव एवं राहत कार्य के लिए आधुनिक मशीनों को लगाया गया है तथा कोतमा और अनूपपुर के जिला अस्पतालों को सतर्क कर दिया गया है।

इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने एक बयान में कहा, ‘‘ अनूपपुर जिले के कोतमा नगरपालिका क्षेत्र में एक होटल की इमारत का ढहना एक दुखद घटना है। एक नागरिक की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।’’

उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल और अन्य अधिकारियों को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और राहत एवं उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन नागरिकों को बचा लिया गया है और उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत


लेखक के बारे में