मप्र: मुरैना में नहर किनारे झोपड़ी में लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

मप्र: मुरैना में नहर किनारे झोपड़ी में लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

मप्र: मुरैना में नहर किनारे झोपड़ी में लिंग परीक्षण गिरोह का भंडाफोड़, तीन के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: April 7, 2026 / 08:12 pm IST
Published Date: April 7, 2026 8:12 pm IST

मुरैना (मध्यप्रदेश), सात अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के एक गांव में नहर किनारे एक झोपड़ी के अंदर भ्रूण परीक्षण गिरोह चलाए जाने का भंडाफोड़ हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक एक ग्रामीण युवक ने सोमवार को जिले के बागचीनी इलाके के हड़वासी गांव में भ्रूण लिंग परीक्षण गिरोह चलाए जाने की जानकारी पुलिस को दी और उसने महिलाओं की लगातार आवाजाही देखकर वहां का एक वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

बागचीनी थाना प्रभारी शशि कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘‘इस मामले में सिविल लाइन थाना में जीरो प्राथमिकी दर्ज कर डायरी बागचीनी थाने में भेजी है। क्योंकि घटना स्थल बागचीनी थाना इलाके में आता है। तीन आरोपियों संजय पचौरी, राकेश प्रजापति और विक्रम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’’

जीरो प्राथमिकी किसी भी पुलिस स्टेशन द्वारा क्षेत्राधिकार की परवाह किये बिना तब दर्ज किया जाता है, जब उसे किसी संज्ञेय अपराध के संबंध में शिकायत मिलती है।

वीडियो बनाने वाले विकास शर्मा ने बताया कि वैन से बार-बार महिलाओं के आने-जाने पर उसे शक हुआ तो वह वीडियो बनाते हुए झोपड़ी के अंदर चला गया।

शर्मा ने बताया कि झोपड़ी के अंदर भ्रूण लिंग परीक्षण चल रहा था और अंदर छह महिलाएं बैठी थीं।

उन्होंने बताया कि उसने बाहर से झोपड़ी का दरवाजा बंद कर दिया और मदद के लिए गांव वालों को बुला लिया लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद सभी लोग एक वैन पर सवार होकर भाग निकले।

पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने वैन का पीछा कर चालक राकेश प्रजापति को पकड़कर सिविल लाइन पुलिस को सौंप दिया।

उनके अनुसार, मुख्य आरोपी संजय पचौरी एक स्थानीय सरकारी स्कूल में चपरासी था, जिसे 2024 में निलंबित कर दिया गया था और वह पहले भी इस रैकेट में तीन बार गिरफ्तार हो चुका है।

आरोपी वैन चालक राकेश प्रजापति ने पुलिस को बताया कि पचौरी ने उसकी गाड़ी को प्रतिदिन 800 रुपये पर किराए से लिया था और वह महिलाओं को बताए स्थान से लाने और ले जाने का कार्य करता था।

भाषा सं ब्रजेन्द्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में