मप्र: सिंगरौली में बैंक से 5.7 करोड़ रुपये का सोना, नकदी लूट मामले में बिहार से एक संदिग्ध गिरफ्तार
मप्र: सिंगरौली में बैंक से 5.7 करोड़ रुपये का सोना, नकदी लूट मामले में बिहार से एक संदिग्ध गिरफ्तार
सिंगरौली (मध्यप्रदेश), 18 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शुक्रवार को सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक में हुई 5.7 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और नकदी की लूट के मामले में पुलिस ने बिहार से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में हुई इस घटना में केवल 14 लाख रुपये की लूट की बात कही गई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि कुल 5.7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और नकदी लूटी गई थी।
उन्होंने बताया कि सिंगरौली जिला उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा हुआ है, जिससे आरोपियों के भागने में आसानी हुई।
मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने भोपाल में संवाददाताओं को बताया कि लुटेरों का पता लगाने के लिए उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार पुलिस की सहायता ली गई है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि पांच संदिग्धों में से एक को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि पांच हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार को बैंक परिसर में घुसकर सोने के आभूषण और करीब 20 लाख रुपये नकद लूट लिए।
उन्होंने बताया कि लुटेरों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक के बल पर धमकाया, गोलियां चलाईं और कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की।
उन्होंने कहा, ‘‘एक संदिग्ध ने बैंक प्रबंधक पर पिस्तौल तानकर सोने के लॉकर की चाबी मांगी, उसे थप्पड़ मारा और तुरंत चाबी न देने पर गोली मारने की धमकी दी।’’
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद आरोपियों ने लोगों को फर्श पर बैठने के लिए मजबूर किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
खत्री ने बताया कि लुटेरों ने स्ट्रॉन्ग रूम से छह लाख रुपये, कैश काउंटर से 14.2 लाख रुपये और करीब 5.5 करोड़ रुपये का सोना लूटा, जो ग्राहकों द्वारा ऋण के बदले गिरवी रखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बीजपुर की ओर भागे और बाद में छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में प्रवेश कर गए।
उन्होंने बताया कि बाद में एक संदिग्ध को बिहार से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, तीन संदिग्धों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए हैं।
बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के चलते शनिवार को शाखा ग्राहकों के लिए बंद रही।
भाषा सं ब्रजेन्द्र खारी
खारी

Facebook


