मप्र : बालाघाट में अविवाहित बेटी के नवजात शिशु को गोबर के ढेर में जिंदा दफनाया
मप्र : बालाघाट में अविवाहित बेटी के नवजात शिशु को गोबर के ढेर में जिंदा दफनाया
बालाघाट, दो अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में अपनी अविवाहित बेटी से जन्मे नवजात शिशु का रहस्य छिपाने के लिए एक पिता ने बच्चे को कथित तौर पर गोबर के ढेर में जिंदा दफना दिया। इसके बाद आरोपी ने स्वयं कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वारासिवनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई यह खौफनाक घटना तब सामने आई, जब ग्रामीणों ने संदेह के आधार पर शुक्रवार को स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद शनिवार को नवजात के शव को गोबर के ढेर से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने बताया कि रात में आरोपी व्यक्ति के घर से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई देती थी। जब आवाज आनी बंद हो गई, तो उन्होंने परिवार से पूछताछ की, लेकिन परिजनों ने टालमटोल भरे जवाब दिए, जिससे ग्रामीणों का संदेह गहरा गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव के सरपंच ने एक बैठक बुलाई, जिसमें एक आशा कार्यकर्ता ने खुलासा किया कि परिवार की अविवाहित बेटी ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया है।
इसके बाद पुलिस, नायब तहसीलदार और मेडिकल टीम गांव पहुंची। पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ के आधार पर गोबर के ढेर से नवजात के शव को बरामद किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बच्चे के मुंह और गर्दन पर कपड़ा बांधकर उसे दफनाया गया था, हालांकि मौत के सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
वारासिवनी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) अभिषेक चौधरी ने बताया कि घटना उजागर होने के बाद युवती के पिता ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत

Facebook


