मप्र : अफवाहों के कारण महिला शोधार्थी को ‘बच्चा चोर’ बताकर सरेआम पीटा गया
मप्र : अफवाहों के कारण महिला शोधार्थी को ‘बच्चा चोर’ बताकर सरेआम पीटा गया
इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 फरवरी (भाषा) इंदौर में 30 वर्षीय महिला शोधार्थी को ‘बच्चा चोर’ बताकर सरेआम पीटते हुए अपमानित करने के आरोप में पुलिस ने लोगों के एक समूह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
महिला शोधार्थी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। यह घटना ऐसे वक्त सामने आई है, जब शहर में बच्चा चुराने वाले गिरोहों के सक्रिय होने की अफवाहें जोर पकड़ रही हैं और पुलिस इन्हें खारिज कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पीड़ित महिला एक स्थानीय महाविद्यालय में शोधार्थी है और उसे लोगों के एक समूह ने मंगलवार को एमआईजी थाना क्षेत्र में बच्चा चोर बताकर सरेआम पीटा और अपमानित किया।
उन्होंने बताया कि इस समूह में शामिल दो महिलाओं और उनके तीन पुरुष साथियों के खिलाफ संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया,‘‘शहर में बच्चा चुराने वाला कोई भी गिरोह सक्रिय नहीं है। सोशल मीडिया पर बच्चा चोरी के बारे में अफवाहें फैलाने वाले लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं और उनके सोशल मीडिया खाते बंद कराए जा रहे हैं।’’
इस बीच, पीड़ित महिला ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसे लोगों ने उस वक्त सड़क पर रोका, जब वह एक मेडिकल स्टोर की ओर जा रही थी।
उसने बताया,‘‘एक व्यक्ति ने मुझे बच्चा चोर कहते हुए गालियां देनी शुरू कर दीं। मैंने उससे कहा कि वह मेरा परिचय पत्र देख सकता है, लेकिन वह मेरी एक भी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इस व्यक्ति ने दूसरे लोगों को भी जमा कर लिया।’’
पीड़ित महिला ने बताया कि लोगों के समूह में शामिल दो महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और उसे पीटते हुए थाने ले गईं।
उसने बताया कि रास्ते में उसके साथ कुछ युवकों ने भी मारपीट की और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे अपमानित किया।
पीड़ित महिला ने कहा,‘‘घटना के दौरान उन लोगों ने मेरा वीडियो भी बना लिया और वे इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे हैं। मुझे बेवजह बदनाम किया जा रहा है। अगर इस बदनामी के कारण मेरे साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार ये लोग होंगे।’’
भाषा हर्ष शफीक
शफीक

Facebook


