मुरैना वनरक्षक हत्या मामले का मुख्य आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, दो पहले ही धरे जा चुके हैं

मुरैना वनरक्षक हत्या मामले का मुख्य आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, दो पहले ही धरे जा चुके हैं

मुरैना वनरक्षक हत्या मामले का मुख्य आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, दो पहले ही धरे जा चुके हैं
Modified Date: April 13, 2026 / 05:13 pm IST
Published Date: April 13, 2026 5:13 pm IST

मुरैना (मप्र), 13 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मुरैना में एक वन आरक्षक की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस फरार आरोपी पर 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी जबकि इसी मामले में दो अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

आठ अप्रैल को अवैध रेत खनन कर्मियों की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 35 वर्षीय वन आरक्षक हरकेश गुर्जर को कुचल दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर रणपुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर उस समय हुई थी जब वनकर्मियों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की थी। इस ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रेत लदी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, गश्ती दल के सदस्य वन आरक्षक गुर्जर को वाहन को रोकने की कोशिश करने पर मुख्य आरोपी और वाहन चालक विनोद कोरी ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह राष्ट्रीय राजमार्ग भारत का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है जो राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के चंबल क्षेत्र को जोड़ता है।

मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह डावर ने यहां पत्रकारों को बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी और पिछले पांच दिनों से लगातार कई टीम अलग-अलग राज्यों में खोजबीन कर रही थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई स्थानों/राज्यों में दबिश दी, जिसके बाद आखिरकार अहमदाबाद में आज सुबह आरोपी चालक विनोद कोरी का सुराग मिला। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपी को अहमदाबाद से मुरैना ला रही है, जहां उससे पूछताछ कर पूरे मामले के अन्य पहलुओं का पता लगाया जाएगा।

डावर ने इससे पहले बताया था कि आरोपी पवन तोमर को रविवार देर शाम रपट के पूरा से गिरफ्तार किया गया जबकि उसके दूसरे साथी आरोपी सोनू चौहान को दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था तथा अदालत की अनुमति से उसे पुलिस हिरासत पर लिया गया है।

आरोपी चौहान दिमनी मंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का पदाधिकारी है जबकि तोमर दिमनी में भाजपा की मंडल इकाई का उपाध्यक्ष है।

पुलिस की यह कार्रवाई तब हुई है जब उच्चतम न्यायालय में इस हत्याकांड से संबंधित एक याचिका पर 13 अप्रैल (आज) सुनवाई होनी है।

यह मामला इस हत्याकांड के अगले दिन अप्रैल को न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ के समक्ष उठाया गया था। यह पीठ ‘राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में अवैध रेत खनन और लुप्तप्राय जलीय वन्यजीवों के लिए खतरा’ संबंधी एक मामले की स्वत: संज्ञान के तहत सुनवाई कर रही है।

मामले का जिक्र पीठ के समक्ष करने वाले वकील ने कहा कि यह अर्जी राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य में अवैध रेत खनन से संबंधित लंबित स्वतः संज्ञान मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त न्यायमित्र ने दायर की थी।

भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने स्वीकार किया है कि आरोपियों में शामिल दो लोग पार्टी के पदाधिकारी हैं लेकिन उनकी संलिप्तता की अभी जांच चल रही है।

कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संलिप्तता संबंधी जांच रिपोर्ट आने के बाद पार्टी कार्रवाई के बारे में निर्णय लेगी।

पुलिस ने बताया है कि वारदात वाला वाहन राजस्थान के बूंदी जिले के किसी भंवर लाल मीणा के नाम पर दर्ज है।

अधिकारी ने बताया कि बूंदी में दर्ज बयान में पुलिस को भंवर लाल ने आरोपियों को ट्रैक्टर-ट्रॉली की बिक्री, स्टांप पर लिखा-पढ़ी के बाद होने की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छानबीन में यह भी सामने आया है कि यह ट्रैक्टर-ट्रॉली स्टांप पर सौदा करके बेची गई है।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में