व्यक्ति ने पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
व्यक्ति ने पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
दमोह (मप्र), 19 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के दमोह जिले में शनिवार तड़के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कथित तौर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि घटना मगरोन थानाक्षेत्र के कबीरपुर गांव में सुबह करीब चार बजे हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारका पटेल (28) ने अपनी पत्नी खेमाबाई (25), बेटी उर्मिला (7) और बेटों उमेश (4) एवं राजा (1) पर सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे चारों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद था। पुलिस ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले खेमाबाई ने मगरोन थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद खेमाबाई के पिता ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाया था। पुलिस ने बताया कि उनके जाने के बाद रात में फिर से दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी मिली।
कलादगी ने बताया कि इसके बाद दोनों के सो जाने पर द्वारका ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार करके अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पारिवारिक विवाद की वजह का अभी पता लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
भाषा सं दिमो रंजन अमित
अमित

Facebook


