मप्र के बड़वानी में भूकंप के हल्के झटके, घरों से बाहर निकले लोग
मप्र के बड़वानी में भूकंप के हल्के झटके, घरों से बाहर निकले लोग
बड़वानी/ इंदौर, आठ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए और लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल गए। हालांकि, इससे किसी तरह के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह चंदेल ने बताया कि बड़वानी जिले में दोपहर 12 बजकर 48 मिनट 53 सेकंड पर भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 मापी गई।
चंदेल ने बताया कि भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था।
बड़वानी के अतिरिक्त जिलाधिकारी सोहन कनास ने बताया, ‘‘हमें जिले के कुछ इलाकों में दो मिनट तक भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। हालांकि, भूकंप से कहीं भी जान-माल के नुकसान की अब तक कोई खबर नहीं है।’’
जिले के मोहिपुरा गांव के निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर ने बताया,‘‘हमने भूकंप के झटके महसूस किए। झटके महसूस होते ही हम घबराकर घरों से बाहर निकल आए।’’
भाषा सं हर्ष रंजन
रंजन

Facebook


