Reported By: Shailendra Singh
,MP Political News. Image Source- IBC24.in File Photo
भोपाल। MP Political News: मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें चुनावी हलफनामे में आपराधिक मामलों की जानकारी छुपाने का आरोप लगाया गया है। कांग्रेस की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि विजयवर्गीय ने अपने एक सार्वजनिक बयान में स्वीकार किया था कि उनके खिलाफ 30 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते वे पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए नहीं गए। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि उनके खिलाफ इतने मामले दर्ज हैं, तो उनका उल्लेख चुनावी हलफनामे में क्यों नहीं किया गया? कांग्रेस ने इसे गंभीर मामला बताते हुए भारत निर्वाचन आयोग से संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
MP Political News: बीतें दिनों कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बात करते हुए कहा था बंगाल में मेरे ऊपर 38 फर्जी केस लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल में उनकी गिरफ्तारी के लिए कई वारंट निकाले जा चुके हैं, ऐसे में अगर वो वहां जाएंगे तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से भी उनसे कहा कि आप वहां मत जाइए वर्ना नई मुसीबत खड़ी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का कहना है कि उनके जाने से फिर कोई लफड़ा खड़ा हो जाएगा। किसी नए विवाद से बचने के लिए पार्टी ने उन्हें बंगाल जाने से मना किया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। पश्चिम बंगाल में इस वक्त टीएमसी की सरकार है तो वहीं बीजेपी विपक्ष में है। इस बार भी मुख्यत: राज्य में मुकाबला इन्हीं दोनों पार्टी के बीच है। हालांकि कांग्रेस और वामदल भी अपनी खोई हुई जमीन तलाश रहे हैं। अब देखना होगा कि चार मई तो जब नतीजे आते हैं तो क्या ममता बनर्जी की सरकार की वापसी होती है क्या बीजेपी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाती है। हालांकि अभी मतदान से पहले जुबानी जंग जारी है।