गैस की किल्लत नहीं व्यवस्थाओं में खामियां: कमलनाथ
गैस की किल्लत नहीं व्यवस्थाओं में खामियां: कमलनाथ
छिंदवाड़ा, दो अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है लेकिन पश्चिम एशिया संकट के बीच इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की व्यवस्थाओं में खामियां जरूर हैं।
केंद्र के साथ ही मध्यप्रदेश में भी सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमलनाथ की ‘गैस की कमी नहीं’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और विपक्षी दल पर जनता को गुमराह करने व राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता में ‘डर’ उत्पन्न करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस के लिए लोगों की लगी लंबी कतारों का जिक्र करते हुए जहां सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वहीं भाजपा ने लगातार दावा किया कि देश में न तो पेट्रोल और ना ही एलपीजी गैस की कोई कमी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से कहा, “देश में गैस की कोई किल्लत नहीं है लेकिन सरकार की व्यवस्थाओं में कमी है। देश में पर्याप्त गैस है, लेकिन ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार गैस वितरण में पूरी तरह से विफल रही है।”
कमलनाथ अपने बेटे और पूर्व लोकसभा सदस्य नकुलनाथ के साथ हनुमान जयंती के अवसर पर सिमरिया हनुमान मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “अब तो कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भी खुद कहा है कि देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। इतने लंबे समय से झूठ और भ्रम से जनता को गुमराह करने वाली कांग्रेस पार्टी को शर्म आनी चाहिए।”
सिंधिया ने कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस पार्टी जनता में भय और अविश्वास उत्पन्न कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश बंद करे। भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई ने भी ‘एक्स’ पर दावा किया कि कमलनाथ ने ‘एलपीजी के संबंध में राहुल गांधी के प्रचार को उजागर किया है’।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस) की बैठक में आवश्यक आपूर्ति पर पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव की बुधवार को समीक्षा हुई थी।
इस बैठक के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को कमलनाथ का यह बयान आया। मोदी ने बुधवार को कहा था कि पश्चिम एशिया में युद्ध के प्रभाव से भारतीय नागरिकों की रक्षा के लिए ‘हरसंभव प्रयास’ किया जाएगा।
उन्होंने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि इस बारे में अफवाह फैलाने वालों पर लगाम कसी जानी चाहिए।
हालांकि, कांग्रेस ने सरकार के दावों को चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई संकट नहीं है, तो इसे जमीन पर महसूस भी किया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि उपभोक्ताओं को मांग पर एलपीजी, पेट्रोल और डीजल मिलना चाहिए।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


