मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की पहचान करें और उन्हें सुधारें अधिकारी:गडकरी

मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की पहचान करें और उन्हें सुधारें अधिकारी:गडकरी

मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की पहचान करें और उन्हें सुधारें अधिकारी:गडकरी
Modified Date: April 13, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: April 13, 2026 7:29 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

भोपाल, 13 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को अपने मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के भोपाल क्षेत्र के अधिकारियों को मध्यप्रदेश के सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की पहचान कर उनका निर्धारित समय-सीमा में स्थायी सुधार करने के निर्देश दिए। एनएचएआई ने एक बयान में यह जानकारी दी ।

उसने बताया कि गडकरी ने राज्य की सभी सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करते हुए गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा।

बयान के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में चिन्हित सभी ‘ब्लैक स्पॉट्स’ की समुचित पहचान कर उनका निर्धारित समय-सीमा में स्थायी सुधार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर आवश्यकतानुसार ज्योमेट्रिकल सुधार, उपयुक्त साइनेज, क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग, लाइटिंग तथा अन्य इंजीनियरिंग उपायों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।’’

सड़क पर जिस जगह बार-बार हादसे होते हैं, उन्हें ‘ब्लैक स्पॉट’ कहा जाता है।

बयान के अनुसार गडकरी ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण की स्थिति तथा कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़क अवसंरचना का विकास केवल संपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की आर्थिक प्रगति तथा क्षेत्रीय संतुलित विकास का एक महत्वपूर्ण आधार है।

गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त, बेहतर संपर्क के कारण प्रदेश के पर्यटन स्थलों तक पहुंच अधिक सुगम हुई है, जिससे पर्यटन क्षेत्र को भी गति मिल रही है।

भाषा ब्रजेन्द्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में