Reported By: Amit Khare
,Panna Government Job Scam/Image Source: symbolic
पन्ना: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भोपाल से दबोचते हुए 6 लाख रुपये की ठगी का खुलासा किया है। पन्ना जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फरियादी रामचन्द्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरीश पाल को भोपाल से गिरफ्तार किया।
आरोपी ने ऑनलाइन और नगद रकम लेकर ठगी की थी। पूछताछ में उसने ठगी की वारदात करना स्वीकार किया और बताया कि ठगी की रकम पत्नी के इलाज में खर्च कर दी। वहीं पुलिस को अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की वारदात करने के सुराग मिले हैं। पन्ना कोतवाली पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी गिरीश पाल को भोपाल से गिरफ्तार किया है। 4 जनवरी 2026 को फरियादी रामचन्द्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने सरकारी नौकरी का झूठा भरोसा देकर अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन और नगद माध्यम से करीब 6 लाख रुपये ठग लिए।
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने फोन-पे के जरिए 5 लाख 80 हजार रुपये और 20 हजार रुपये नगद लेने की बात कबूली। आरोपी के मुताबिक, 1 लाख 10 हजार रुपये उसने वापस कर दिए थे, जबकि शेष 4 लाख 90 हजार रुपये पत्नी के इलाज में खर्च कर दिए। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पन्ना के अलावा अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातें की हैं। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और संभावित पीड़ितों की पहचान में जुटी है।