जहरीली शराब मौत मामला: आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित, दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

जहरीली शराब मौत मामला: आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित, दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई

जहरीली शराब मौत मामला: आबकारी विभाग के तीन अधिकारी निलंबित, दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
Modified Date: September 6, 2026 / 06:27 pm IST
Published Date: September 6, 2026 6:27 pm IST

भोपाल, छह सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से 10 लोगों की मौत के मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ा रुख अपनाते हुए आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया जबकि एक अधिकारी को जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, सागर जिले की बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में जहरीली शराब पीने से अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान में बताया, “मुख्यमंत्री यादव के निर्देश पर सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उपनिरीक्षक प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है।”

बयान के मुताबिक, प्रशासन ने उपायुक्त एवं संभागीय उड़न दस्ता प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर जिले से हटाकर ग्वालियर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।

एक अन्य बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर बंडा थाना प्रभारी और गूगरा चौकी प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि मामले में शामिल दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सागर संभाग के आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

अधिकारियों ने अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज और चिकित्सा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में