सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने पूर्व डीएसपी के साथ ‘दुर्व्यवहार’ मामले में कार्रवाई की मांग की
सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने पूर्व डीएसपी के साथ 'दुर्व्यवहार' मामले में कार्रवाई की मांग की
इंदौर, 12 अप्रैल (भाषा) मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस उपाधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए 82 वर्षीय अधिकारी और उनकी पत्नी के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा किये गए कथित दुर्व्यवहार मामले में यहां पूर्व पुलिस अधिकारियों के एक समूह ने कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी संघ के सचिव गिरीश सूबेदार ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना दो दिन पहले उस समय हुई जब पूर्व डीएसपी पन्ना से ग्वालियर जा रहे थे।
सूबेदार ने बताया कि पूर्व डीएसपी भरत सिंह चौहान द्वारा सीट बेल्ट न पहनने को लेकर विवाद हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि पन्ना जिले के मदला पुलिस थाना के कुछ पुलिसकर्मियों ने दुर्व्यवहार किया और चौहान तथा उनकी पत्नी को शस्त्र अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया।
सूबेदार के मुताबिक घटना अपराह्न 12 बजे हुई जबकि दंपति को शाम सात बजे अदालत में पेश किया गया, जिसने बाद में उन्हें जमानत दे दी।
उन्होंने बताया कि लगभग तीन दर्जन सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी सोमवार को भोपाल के पुलिस महानिदेशक को संबोधित एक ज्ञापन इंदौर के पुलिस अधीक्षक को सौंपेंगे, जिसमें पन्ना जिले के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पन्ना की पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है।
उन्होंने कहा, ‘‘घटना का वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है। इसे पुलिस के ‘बॉडी-वियर’ कैमरे में रिकॉर्ड किया गया है और जनता का प्रत्येक व्यक्ति अपना आकलन करने के लिए इसे देख सकता है।’’
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


