इंदौर के भीड़ भरे बाजार में बेकाबू लोक परिवहन बस ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत

इंदौर के भीड़ भरे बाजार में बेकाबू लोक परिवहन बस ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत

इंदौर के भीड़ भरे बाजार में बेकाबू लोक परिवहन बस ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत
Modified Date: September 27, 2026 / 09:26 pm IST
Published Date: September 27, 2026 9:26 pm IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 सितंबर (भाषा) इंदौर के भीड़ भरे वाणिज्यिक इलाके में रविवार को लोक परिवहन की बेकाबू बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

हादसे का वीडियो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया जिसमें बेकाबू बस लोगों को रौंदती हुई आगे बढ़ती नजर आ रही है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि राजबाड़ा क्षेत्र में बेकाबू लोक परिवहन बस की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए जिनमें से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि बिजली से चलने वाली बस को जब्त करके थाने भेज दिया गया है और इसके चालक को हिरासत में लिया गया है।

दंडोतिया ने बताया कि हादसे की वजह जानने के लिए चालक से पूछताछ जारी है।

इस बीच, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों का हालचाल जाना।

उन्होंने बस के बेकाबू होने को सरकारी तंत्र की नाकामी बताया और कहा कि इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।

चौकसे ने हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार को राज्य सरकार के खजाने से एक करोड़ रुपये और दोनों घायलों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग भी की।

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में