मप्र: प्रभारी बनने के बाद पहली बार भोपाल आएंगे बिप्लब देब, कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

मप्र: प्रभारी बनने के बाद पहली बार भोपाल आएंगे बिप्लब देब, कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

मप्र: प्रभारी बनने के बाद पहली बार भोपाल आएंगे बिप्लब देब, कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
Modified Date: September 27, 2026 / 08:09 pm IST
Published Date: September 27, 2026 8:09 pm IST

भोपाल, 27 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव बिप्लब देब 30 सितंबर को दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आएंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

राज्य में अपने पहले दौरे की शुरुआत वह मंदिर में दर्शन, दलित कार्यकर्ता के घर भोजन और पार्टी कार्यकर्ता के यहां चाय पर चर्चा के साथ करेंगे।

उन्होंने बताया कि देब 30 सितंबर को हवाई अड्डे से सीधे लालघाटी स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर जाएंगे और बूढ़े हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे।

पदाधिकारी ने बताया कि इसके बाद वह शास्त्री नगर में भाजपा की दलित कार्यकर्ता मीना जाटव के आवास पर दोपहर का भोजन करेंगे।

पार्टी नेता के मुताबिक, इसके बाद त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री कोटरा सुल्तानाबाद इलाके में भाजपा के एक बूथ अध्यक्ष के घर जाएंगे और कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने बताया कि शाम को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने और प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होने से पहले देब पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से अलग-अलग मुलाकात करेंगे।

इन बैठकों में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

पार्टी पदाधिकारी के अनुसार, अगले दिन एक अक्टूबर को दिल्ली रवाना होने से पहले देब पूर्वाह्न 11 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और संभाग प्रभारियों के साथ बैठक करेंगे।

इस दौरान वह संगठन को आगे बढ़ाने की रणनीति के संबंध में दिशा-निर्देश दे सकते हैं।

भाजपा नेता ने बताया कि देब और सोलंकी के बीच पुराने संबंध हैं।

जब देब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री थे, तब सोलंकी वहां के राज्यपाल थे।

उन्होंने कहा कि देब मध्यप्रदेश में संगठन महामंत्री के रूप में सोलंकी के कार्यकाल और संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका से भी परिचित हैं। पदाधिकारी ने बताया कि देब के तोमर के साथ भी अच्छे संबंध रहे हैं।

जब तोमर केंद्र सरकार में ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री थे, तब देब त्रिपुरा के मुख्यमंत्री थे।

इस दौरान दोनों नेताओं ने कृषि, ग्रामीण विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं को त्रिपुरा में लागू करने को लेकर साथ काम किया था। भाजपा ने बुधवार को पश्चिम त्रिपुरा सीट से सांसद बिप्लब देब को मध्यप्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया था।

उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह की जगह ली है।

इससे पहले मुरलीधर राव, विनय सहस्रबुद्धे और दिवंगत अनंत कुमार जैसे नेता मध्यप्रदेश के प्रभारी रह चुके हैं। ॉ

पार्टी नेताओं के मुताबिक, मध्यप्रदेश में यह बदलाव वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

इससे पहले 2027 में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव प्रस्तावित हैं।

भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में