विदेशी मालवाहक जहाजों पर नौकरी के बहाने 17 लोगों से 41 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
विदेशी मालवाहक जहाजों पर नौकरी के बहाने 17 लोगों से 41 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
ठाणे, पांच जुलाई (भाषा) नवी मुंबई पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों पर विदेशी मालवाहक जहाजों पर आकर्षक नौकरियों का झांसा देकर 17 लोगों से 41.75 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी के साथ कुल 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की वित्तीय आसूचना इकाई (एफआईयू) को शुरुआत में विदेशी जहाजों पर नौकरी दिलाने के बहाने छह लोगों से धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत मिली थी।
उन्होंने बताया कि जालसाजों ने नवी मुंबई के नेरुल स्थित एक मॉल से कथित तौर पर एक फर्जी कंपनी संचालित की और नौवहन महानिदेशक के पास पंजीकृत एक वैध आरपीएसएल (रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विसेज लाइसेंस) होने का झूठा दावा किया।
पुलिस की एक विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता और 16 अन्य पीड़ितों ने आरोपियों को कुल 41,75,000 रुपये का भुगतान किया, लेकिन उन्हें किसी भी विदेशी जहाज पर कोई रोजगार नहीं मिला।
विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उल्वे निवासी मोहम्मद गुफरान बशीर काजी (27) और नेरुल निवासी योगेश नथाजी काले (35) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में पुलिस हिरासत में हैं।
तुर्भे थाने में 12 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) (आपराधिक विश्वासघात), 318(4) (धोखाधड़ी), 336(3) (जालसाजी) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


