काला जादू और ग्रामीणों को ठगने के आरोप में मामला दर्ज
काला जादू और ग्रामीणों को ठगने के आरोप में मामला दर्ज
लातूर, दो जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने अलौकिक शक्तियां होने का दावा कर लोगों से धोखाधड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लातूर तहसील के खोपेगांव निवासी मारोती चंदरराव मोरे के खिलाफ ‘महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अनिष्टकारी व अघोरी प्रथाएं तथा काला जादू रोकथाम व उन्मूलन अधिनियम, 2013’ के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ सोमवार को लातूर ग्रामीण थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों से कहता था कि उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं और वह ‘अंगारा’ (पवित्र राख) लगाकर, ताबीज देकर और अनुष्ठान करके बीमारियों तथा व्यक्तिगत समस्याओं को ठीक कर सकता है।
जांच में पाया गया कि मोरे कथित तौर पर अंधविश्वास के दावों के जरिए लोगों को गुमराह करता था।
आरोपी ने कथित तौर पर अंधविश्वास और अवैज्ञानिक उपचारों को बढ़ावा देकर ग्रामीणों का शोषण किया और अलौकिक शक्तियों की आड़ में लोगों को धोखा दिया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह धोखाधड़ी किस स्तर पर की गई और क्या आरोपी की गतिविधियों से और भी लोग प्रभावित हुए थे। इस सिलसिले में अंधविश्वास विरोधी संगठन ‘महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति’ के कार्यकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए हैं।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश

Facebook


