पुणे, 19 जून (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्थित ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में फोटो खींचते समय 400 फुट गहरी खाई में गिरने से केतन विशाल अग्रवाल की मौत हो गई, जिसके साथ ही उनकी मंगेतर का जन्मदिन मनाने के लिए की गई एक यात्रा दुखद हादसे में बदल गई।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 26 वर्षीय अग्रवाल पुणे शहर के पास गहुंजे के रहने वाले थे और अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी में निदेशक थे।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह वह फोटो खींच रहे थे, तभी तेज हवाओं के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया।
पुलिस ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब अग्रवाल अपनी मंगेतर का जन्मदिन मनाने के लिए उनके और दो करीबी दोस्तों के साथ किले पर गए थे।
पुलिस के अनुसार, सुबह पूर्वाह्न 10:30 बजे वह एक चट्टान के किनारे फोटो खींचते समय फिसल गए और लगभग 400 फुट गहरी खाई में गिर गए। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोट आईं और उनकी मौत हो गई।
लोनावला ग्रामीण पुलिस थाने के निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि घटना के समय तेज हवाएं चल रही थीं।
नवंबर में अग्रवाल की शादी होने वाली थी।
तायडे ने कहा, ‘अग्रवाल की शादी नवंबर में होनी थी। जानकारी मिली है कि शादी के लिए परिवारों ने राजस्थान के उदयपुर में एक महल बुक किया था।’
सूचना मिलने के बाद पुलिस और शिवदुर्ग मित्र इमरजेंसी रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने शव को निकालने के लिए अभियान चलाया और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र तथा घनी झाड़ियों के बीच यह अभियान करीब तीन घंटे तक जारी रहा।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर करके विस्तृत जांच की जा रही है।
लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा हुआ है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में शामिल है जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान मिला है।
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा