मुंबई में राघव चड्ढा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

मुंबई में राघव चड्ढा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

मुंबई में राघव चड्ढा के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
Modified Date: April 26, 2026 / 08:06 pm IST
Published Date: April 26, 2026 8:06 pm IST

मुंबई, 26 अप्रैल (भाषा) राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा के खिलाफ रविवार को मुंबई के खार क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

चड्ढा शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये थे।

‘आप’ की मुंबई इकाई की अध्यक्ष प्रीति शर्मा मेनन ने दावा किया कि पुलिस ने ‘आप’ कार्यकर्ताओं को ‘‘गद्दार’’ चड्ढा के खिलाफ शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने से रोका और स्थानीय नेता रुबेन मस्कारेनहास को हिरासत में ले लिया।

खार पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि मस्कारेनहास और कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को पुलिस थाने ले जाया गया है, लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

मेनन ने कहा, ‘‘मुंबई पुलिस के पास राघव चड्ढा के मुंबई स्थित आवास की सुरक्षा के अलावा कोई अन्य काम नहीं है। ‘आप’ की मुंबई इकाई के कार्यकर्ताओं को ‘गद्दार’ के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने से रोका गया। रूबेन को खार पुलिस थाने में हिरासत में लिया गया है। लेकिन भाजपा को मनमाने ढंग से सड़कें अवरुद्ध करने की छूट दी गई है।’’

‘आप’ की मुंबई इकाई ने हाल में भाजपा में शामिल हुए चड्ढा और पार्टी के छह अन्य राज्यसभा सदस्यों के खिलाफ खार क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी।

‘आप’ को शुक्रवार को उस समय बड़ा झटका लगा था, जब राघव चड्ढा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल ने पार्टी छोड़ दी थी। इन सांसदों ने आरोप लगाया था कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी अपने सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों से भटक गई है।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में