आलिया भट्ट अभिनीत ‘अल्फा’ ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 16.1 करोड़ रुपये कमाए
आलिया भट्ट अभिनीत 'अल्फा' ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 16.1 करोड़ रुपये कमाए
मुंबई, चार जुलाई (भाषा) आलिया भट्ट और शरवरी अभिनीत फिल्म ‘अल्फा’ ने अपने प्रदर्शन के पहले दिन दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 16.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म की आय से जुड़े आंकड़े जुटाने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ ने यह जानकारी दी।
वेबसाइट के अनुसार, फिल्म ने भारत में अनुमानित 11.10 करोड़ रुपये और विदेशी बाजारों से पांच करोड़ रुपये अर्जित किए, जिससे इसकी वैश्विक सकल कमाई 16.10 करोड़ रुपये हो गई है।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने शुक्रवार को 7,534 शो के जरिए घरेलू बाजार में अनुमानित 9.25 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई की।
शिव रवैल के निर्देशन में बनी और यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) के द्वारा निर्मित ‘अल्फा’, इस स्टूडियो की जासूसी कहानियों पर आधारित फिल्मों की श्रृंखला की पहली ऐसी फिल्म है जिसमें मुख्य भूमिकाएं महिला कलाकारों ने निभाई हैं।
यह फिल्म दो विशिष्ट खुफिया एजेंटों की कहानी पर आधारित है, जिनके किरदार आलिया भट्ट और शरवरी ने निभाए हैं। फिल्म में ये दोनों एजेंट बॉबी देओल द्वारा निभाए गए एक खतरनाक दुश्मन का मुकाबला करने के लिए एक बड़े अभियान पर निकलती हैं।
फिल्म में अनिल कपूर भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जबकि ऋतिक रोशन विशेष भूमिका में जासूस कबीर धारीवाल के अपने किरदार को दोहराते नजर आए हैं।
‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स की जासूसी कहानियों पर आधारित फिल्मों की श्रृंखला की नवीनतम फिल्म है, जिसमें इससे पहले ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘वॉर’, ‘पठान’, ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
यह फिल्म शुक्रवार को देश भर के सिनेमाघरों में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज हुई।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


