आंध्र प्रदेश: प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने हड़ताल अस्थायी रूप से वापस ली
आंध्र प्रदेश: प्रदर्शनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों ने हड़ताल अस्थायी रूप से वापस ली
अमरावती, 26 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश में प्रदर्शन कर रहे कनिष्ठ चिकित्सकों ने कहा है कि उन्होंने मरीजों के हित और उनकी चिकित्सा सेवा जारी रखने के मद्देनजर अस्थायी रूप से अपनी हड़ताल वापस ले ली है।
आंध्र प्रदेश जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (एपीजेयूडीए) ने कहा कि उसे उम्मीद है कि सरकार उसकी मांगों पर जल्द जवाब देगी और जल्द से जल्द सौहार्दपूर्ण समाधान निकालेगी।
एपीजेयूडीए ने कहा कि उच्च न्यायालय ने उनसे हड़ताल खत्म कर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं जारी रखने को कहा है। साथ ही, अदालत ने राज्य सरकार को दो सप्ताह के भीतर चिकित्सकों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया है।
संगठन ने कहा कि फिलहाल हड़ताल केवल अस्थायी रूप से वापस ली गई है और न्याय की मांग को लेकर उसका प्रयास वैकल्पिक तरीकों से जारी रहेगा। उसने कहा कि अगर सौहार्दपूर्ण समाधान नहीं निकलता है, तो वह अन्य कानूनी विकल्पों पर विचार करेगा।
एपीजेयूडीए ने मंगलवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि उच्च न्यायालय ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन में चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की और उनकी मांगों को जायज माना।
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री वाई. सत्य कुमार यादव ने मंगलवार को कहा कि सरकार अन्य राज्यों में कनिष्ठ चिकित्सकों को दिए जाने वाले वजीफे और अन्य सुविधाओं की समीक्षा करने के बाद उचित निर्णय लेगी।
कनिष्ठ चिकित्सकों ने मुख्य रूप से वजीफा बढ़ाने की मांग की थी और सेवानिवृत्ति की उम्र बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध किया था।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि

Facebook


