शस्त्र अधिनियम के तहत मामला: आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के माता-पिता का पता नहीं लगा पाई पुणे पुलिस

शस्त्र अधिनियम के तहत मामला: आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के माता-पिता का पता नहीं लगा पाई पुणे पुलिस

शस्त्र अधिनियम के तहत मामला: आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के माता-पिता का पता नहीं लगा पाई पुणे पुलिस
Modified Date: July 15, 2024 / 06:47 pm IST
Published Date: July 15, 2024 6:47 pm IST

पुणे, 15 जुलाई (भाषा) पुणे पुलिस विवादों में घिरी परिवीक्षाधीन आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के माता-पिता से भूमि विवाद को लेकर उनके खिलाफ दर्ज मामले में अभी तक संपर्क नहीं कर पाई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भूमि विवाद को लेकर पूजा की मां मनोरमा द्वारा एक किसान को पिस्तौल दिखाकर धमकाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उनके और पति दिलीप खेडकर के अलावा पांच अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

अधिकारी ने बताया कि पुणे ग्रामीण पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ एक दल शहर के बानेर रोड स्थित मनोरमा व दिलीप के बंगले पर पहुंचा था लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजे अंदर से बंद थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस पुणे और अन्य इलाकों में तलाशी ले रही है।

अधिकारी ने कहा, “पौड पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। लेकिन खेडकर दंपति पूछताछ के लिए पुलिस थाने नहीं आए हैं और उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए हैं। हमारी टीम उनकी तलाश कर रही हैं। उनके मिलने पर उनसे पूछताछ की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

पुणे ग्रामीण पुलिस ने खेडकर दंपति और पांच अन्य के खिलाफ पौड पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-323 (बेईमानी या धोखाधड़ी से संपत्ति को हटाना या छिपाना) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

यह मामला सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के कुछ दिन बाद दर्ज किया गया था, जिसमें मनोरमा अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ पुणे की मुलशी तहसील के धडवाली गांव में हाथ में पिस्तौल लेकर कुछ लोगों के साथ तीखी बहस करती नजर आ रही थीं।

उन्होंने कहा कि पुलिस वीडियो में दिख रहे गार्डों सहित घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

भाषा

प्रशांत वैभव

वैभव


लेखक के बारे में