महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सलियों के अड्डे से हथियार और शस्त्र निर्माण सामग्री जब्त
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सलियों के अड्डे से हथियार और शस्त्र निर्माण सामग्री जब्त
गड़चिरोली, 28 मई (भाषा) महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में हथियार, विस्फोटक और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि ‘ऑपरेशन अंतिम प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई 27 मई को आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी।
पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया, “सुरक्षाकर्मियों ने एक इन्सास राइफल, दो सिंगल-शॉट राइफलें, दो 12-बोर राइफलें और 18 कारतूस बरामद किए। हथियारों के निर्माण में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए, जिनमें दो खराद मशीनें, दो मोटरें, एक ग्राइंडर मशीन, इन्वर्टर यूनिट, बैटरी, लोहे की छड़ें और सोलर प्लेट शामिल हैं।”
विज्ञप्ति के मुताबिक, मौके से बरामद विस्फोटक सामग्री में 25 किलोग्राम इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी), दो क्लेमोर माइन, 110 डेटोनेटर, कॉर्टेक्स वायर और 500 से अधिक बीजल सेल के साथ-साथ सात बीजल लॉन्चर और तीन ट्यूब लॉन्चर शामिल थे।
यह कार्रवाई गड़चिरोली जिला पुलिस की सी-60 कमांडो यूनिट, पड़ोसी छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बम निरोधक दस्ते द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि हथियार और इनके निर्माण उपकरण छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के काकुर थाना क्षेत्र से लगभग सात किलोमीटर दूर एक वन क्षेत्र में छिपाए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर हमले करने के लिए जंगल में सामग्री छुपा रखी थी।
उन्होंने बताया कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनरी और उपकरण मौके पर ही नष्ट कर दिए गए।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


