‘बेस्ट’ कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल वापस ली, मुंबई में बस सेवाएं फिर शुरू होंगी
'बेस्ट' कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल वापस ली, मुंबई में बस सेवाएं फिर शुरू होंगी
मुंबई, 21 जून (भाषा) बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (बेस्ट) के कर्मचारियों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बेस्ट संगठनों के बीच हुई बैठक के बाद रविवार रात अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हड़ताल के कारण मुंबई में पिछले तीन दिन से बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित थीं। उन्होंने कहा कि आंदोलन का नेतृत्व कर रही ‘बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति’ के प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ शिंदे की अध्यक्षता में हुई बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की गई।
यह बैठक यहां सह्याद्रि अतिथिगृह में हुई।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता सचिन अहीर ने यह घोषणा उस समय की जब शिंदे ने कहा कि स्थायी और संविदा कर्मचारियों को क्रमशः 3,000 रुपये और 2,000 रुपये प्रति माह की अंतरिम वेतन वृद्धि मिलेगी। अहीर ‘बेस्ट’ कर्मचारी संगठनों की संयुक्त कार्य समिति के समन्वयक हैं।
अहीर ने कहा कि कर्मचारियों की कुछ मुख्य मांगें मान ली गई हैं और जल्द ही ‘बेस्ट’ बसें शहर की सड़कों पर लौट आएंगी।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


