बिहार : औरंगाबाद में बस पलटने से 15 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

Ads

बिहार : औरंगाबाद में बस पलटने से 15 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - August 13, 2026 / 03:34 PM IST,
    Updated On - August 13, 2026 / 03:34 PM IST

औरंगाबाद, 13 अगस्त (भाषा) बिहार के औरंगाबाद जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट जाने से 15 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के वाराणसी से झारखंड जा रही बस रात करीब एक बजे औरंगाबाद बाइपास के पास पलट गई।

औरंगाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गौरव सिंह और अंचल अधिकारी (सीओ) अनुज कुमार ने बताया कि घायलों का एक चिकित्सा केंद्र में उपचार चल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर है, जिनमें बस चालक भी शामिल है।

यात्रियों के अनुसार, बस बुधवार रात करीब 9.15 बजे वाराणसी से चली थी और तड़के औरंगाबाद पहुंची। इसी दौरान एक मोड़ पर यह यात्री बस वहां खड़ी दूसरी बस से टकराकर पलट गई।

अधिकारियों ने बताया कि बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 15 यात्री सासाराम में उतर गए थे। बाकी यात्री औरंगाबाद की ओर जा रहे थे।

उन्होंने बताया कि घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

भाषा सं कैलाश शफीक

शफीक