Special TET For Teachers: शिक्षकों के लिए बड़ी खबर! प्रदेश में होगी स्पेशल TET परीक्षा, ढाई घंटे में हल करने होंगे इतने सवाल

Ads

शिक्षकों के आई अच्छी खबर! प्रदेश में होगा स्पेशल TET का आयोजन, Special TET For Teachers in Uttar Pradesh

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 07:12 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 07:13 PM IST

लखनऊ। Special TET For Teachers उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत उन शिक्षकों के लिए राहत की खबर है, जिन्होंने अभी तक शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण नहीं की है। प्रदेश सरकार करीब 62 हजार सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी कराने जा रही है। इस परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को सेवा में बने रहने का अवसर मिलेगा। यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद टीईटी से जुड़े प्रावधानों को लेकर प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षकों की नौकरी पर अनिश्चितता पैदा हो गई थी। प्रभावित शिक्षकों में से करीब 86 हजार हालिया टीईटी परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। अब बाकी शिक्षकों को विशेष परीक्षा के जरिए पात्रता हासिल करने का अवसर दिया जा रहा है।

जल्द जारी होगा परीक्षा का विज्ञापन (Special TET For Teachers)

Special TET For Teachers बेसिक शिक्षा विभाग ने विशेष टीईटी के आयोजन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने परीक्षा की कार्ययोजना जारी करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को जल्द विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, परीक्षा की तारीख फिलहाल तय नहीं की गई है। माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही आवेदन और परीक्षा से जुड़ा विस्तृत कार्यक्रम जारी कर सकता है।

ढाई घंटे में 150 सवाल, कोई निगेटिव मार्किंग नहीं

विशेष टीईटी में अभ्यर्थियों को कुल 150 प्रश्न हल करने होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा के लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। खास बात यह है कि गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। परीक्षा में सफल होने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 90 अंक हासिल करने होंगे। आरक्षित वर्ग के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम सीमा 82 अंक रखी गई है। ईडब्ल्यूएस वर्ग के सामान्य अभ्यर्थियों को भी 82 अंक प्राप्त करने पर सफल माना जाएगा।

पहले ही टीईटी पास कर चुके हैं 86 हजार शिक्षक

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश में करीब 1 लाख 42 हजार 818 शिक्षक इस व्यवस्था से प्रभावित हुए थे। इनमें से लगभग 86 हजार शिक्षक हाल में आयोजित टीईटी में सफल हो चुके हैं। ऐसे में अब करीब 62 हजार शिक्षकों के लिए विशेष परीक्षा का रास्ता खोला गया है। विशेष टीईटी का स्वरूप सामान्य टीईटी से अलग होगा। सामान्य टीईटी शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पात्रता परीक्षा है, जबकि यह विशेष परीक्षा पहले से सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों को अपनी पात्रता पूरी करने का अवसर देगी।

ताजा खबर