केंद्र, राज्य सरकार प्याज उत्पादकों की मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर रहीं : वलसे पाटिल

Ads

केंद्र, राज्य सरकार प्याज उत्पादकों की मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर रहीं : वलसे पाटिल

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 02:59 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 02:59 PM IST

मुंबई, दो जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप वलसे पाटिल ने मंगलवार को कहा कि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार दोनों ही प्याज उत्पादक किसानों की मांगों पर सकारात्मक रूप से विचार कर रही हैं।

पाटिल ने प्रदर्शनकारी किसानों से आग्रह किया कि वे मौजूदा मूल्य संकट को हल करने के लिए विरोध-प्रदर्शन के बजाय बातचीत का रास्ता चुनें।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिन्होंने राज्य सरकार को आश्वासन दिया है कि अगले 10 दिन में प्याज और गन्ना क्षेत्रों को लेकर कोई फैसला लिया जाएगा।

पाटिल ने कहा कि आंदोलनकारी किसान उनसे मिलने आ सकते हैं और वह बिना किसी पूर्वाग्रह के उनकी शिकायतें सुनने के लिए प्रदर्शन स्थल पर भी जाने को तैयार हैं।

राकांपा नेता ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों सरकारों को प्याज उत्पादक किसानों की चिंताओं को दूर करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रदर्शनकारी किसानों से रचनात्मक बातचीत में शामिल होने की अपील की।

महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों ने केंद्र सरकार से 10,000 करोड़ रुपये के विशेष पुनरुद्धार पैकेज की घोषणा करने का आग्रह किया है। किसानों का दावा है कि निर्यात पर बार-बार लगाए गए प्रतिबंधों, प्राकृतिक आपदाओं और कीमतों में भारी गिरावट ने उन्हें गंभीर वित्तीय संकट में डाल दिया है।

भाषा सुमित पारुल

पारुल