ई20 नीति की आलोचना बेबुनियाद है, गाड़ियों में दिक्कतें आने का कोई सबूत नहीं: फडणवीस

Ads

ई20 नीति की आलोचना बेबुनियाद है, गाड़ियों में दिक्कतें आने का कोई सबूत नहीं: फडणवीस

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 10:19 PM IST

पुणे, नौ अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को एथनॉल मिश्रण नीति का बचाव करते हुए कहा कि इसकी आलोचना अपर्याप्त सबूतों पर आधारित है।

फडणवीस ने कोल्हापुर में कहा, “ऑटोमोबाइल कंपनियों ने ग्राहकों से कहा है कि अगर एथनॉल-मिश्रित पेट्रोल की वजह से गाड़ियों में कोई समस्या आती है तो वे इसके सबूत दें, लेकिन अब तक कोई भी ऐसे सबूत के साथ सामने नहीं आया है।”

उन्होंने कहा कि एथनॉल उत्पादन ने चीनी मिलों के लिए एक नई राह खोली है। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकार के कई फैसलों से संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित होगा और चीनी उद्योग में बर्बादी कम होगी।

आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सरकार ने अवसंरचना का उन्नयन किए बिना या यह सुनिश्चित किए बिना कि मौजूदा गाड़ियां ज्यादा एथनॉल वाले मिश्रण के अनुकूल हैं या नहीं, जबरदस्ती ई20 नीति लागू कर दी।

केंद्र सरकार ने अपने एथनॉल मिश्रण कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा है कि बड़े पैमाने पर परीक्षण और व्यवहारिक अनुभव से ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि ई20 पेट्रोल (जिसमें 20 प्रतिशत एथनॉल मिला होता है) से इंजन में असामान्य घिसाव, जंग या गाड़ी की उम्र कम होने जैसी समस्याएं होती हैं।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश