पुणे, आठ अगस्त (भाषा) पोलैंड के एक उच्चस्तरीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले का दौरा किया और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान हजारों शरणार्थियों के सम्मान में प्रस्तावित संग्रहालय ‘वालीवडे म्यूजियम ऑफ ह्यूमैनिटी’ की प्रगति की समीक्षा की।
राज्यसभा के पूर्व सदस्य संभाजीराजे छत्रपति की मेजबानी में पोलैंड की संसद (सेज्म) की सलाहकार और प्रख्यात इतिहासकार डॉ. माल्गोरजाता बोनिकोव्स्का ने पोलिश स्मारक स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने शिवाजी विश्वविद्यालय में हुई बैठकों के दौरान संयुक्त शोध कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की।
संभाजीराजे ने ‘एक्स’ पर कहा कि डॉ. बोनिकोव्स्का की यात्रा का प्रमुख उद्देश्य प्रस्तावित ‘वालीवडे म्यूजियम ऑफ ह्यूमैनिटी एंड पीस’ की प्रगति की समीक्षा करना था।
उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय उस उल्लेखनीय मानवीय अध्याय की स्मृति में बनाया जा रहा है, जब 1942 से 1948 के बीच करीब 5,000 पोलिश शरणार्थियों को कोल्हापुर के वालीवडे में शरण दी गयी थी।
पूर्व सांसद ने कहा कि संग्रहालय निर्माण का उद्देश्य इस साझा विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने के साथ-साथ शांति, करुणा और अंतरराष्ट्रीय मैत्री को बढ़ावा देना है।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र