डिजिटल जनगणना: महाराष्ट्र में एक मई से शुरू होगी स्व-गणना
डिजिटल जनगणना: महाराष्ट्र में एक मई से शुरू होगी स्व-गणना
मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में जनगणना के तहत स्व-गणना चरण एक मई से शुरू होगा और यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना की शुरुआत होगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र की मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी और जनगणना कार्य निदेशक निरुपमा डांगे ने कहा कि यह कवायद एक व्यापक डिजिटल शासन प्रणाली की ओर बदलाव का हिस्सा है, जिसमें वास्तविक समय में डेटा संग्रहण और बेहतर सटीकता सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल ऐप और एक ऑनलाइन पोर्टल की मदद ली जा रही है।
अधिकारियों ने इस कवायद की शुरूआत होने की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा कि स्व-गणना के इच्छुक नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट का ही उपयोग करें और ऐसे किसी भी एसएमएस का जवाब देने से बचें जिसमें ‘‘आरजीआईसीईएन’’ लिखा न हो।
स्व-गणना प्रक्रिया एक मई से 15 मई तक चलेगी, जिसके बाद 16 मई से 14 जून तक घरों की सूची तैयार की जाएगी और आवास गणना की जाएगी। उस दौरान गणनाकर्ता प्रतिदन सुबह और शाम में आठ से दस घरों में जायेंगे तथा जरूरी आंकड़े एकत्र करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों के ऑनलाइन माध्यम से जानकारी उपलब्ध करा देने के बाद, तो ‘एच’ अक्षर से शुरू होने वाला 11 अंकों की एक विशिष्ट पहचान संख्या उत्पन्न होगी, जिसे उन्हें सुरक्षित रखना होगा और जब गणनाकर्ता उनके घर पर जायेंगे तो उन्हें उनके साथ यह विशिष्ट पहचान संख्या साझा करनी होगी।
अधिकारियों ने बताया कि लगभग 2.64 लाख कर्मियों को प्रशिक्षण के बाद तैनात किया जायेगा, जबकि जनगणना निगरानी और प्रबंधन प्रणाली पोर्टल का उपयोग बड़े पैमाने पर पर्यवेक्षण और डेटा प्रबंधन के लिए किया जाएगा।
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष

Facebook


